NEET : नीट प्रोटेस्ट के बीच सरकार के ईमेल पर बवाल, मैसेज देख भड़के छात्र, किन टॉपरों की भेजी कहांनियां
शिक्षा मंत्रालय ने ईमेल में विद्यार्थियों से अपील की है कि वे नीट यूजी में अच्छा प्रदर्शन करने वाले छात्रों नीट चैंपियंस ( NEET Champions 2026 ) को बधाई दें और सफल अभ्यर्थियों के पोस्टर भी शेयर करें। इस पर यूनिवर्सिटी छात्र भड़क गए हैं।

नीट यूजी 2026 पेपर लीक और शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शन के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की ओर से सेंट्रल यूनिवर्सिटीज के हजारों छात्रों को भेजे गए एक ईमेल ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। शिक्षा मंत्रालय ने ईमेल में विद्यार्थियों से अपील की है कि वे नीट यूजी में अच्छा प्रदर्शन करने वाले छात्रों नीट चैंपियंस (NEET Champions 2026 ) को बधाई दें और सफल अभ्यर्थियों के पोस्टर भी शेयर करें। लेकिन बहुत से छात्रों और शिक्षकों ने इस ईमेल की टाइमिंग पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा करके सरकार अपनी छवि को सुधारने का प्रयास कर रही है। कुछ लोगों ने इसे “सिस्टमैटिक प्रोपेगैंडा” (सुनियोजित प्रचार) बताया है क्योंकि देश के कई हिस्सों में परीक्षा में गड़बड़ी और पेपर लीक को लेकर विरोध प्रदर्शन चल रहे हैं।

