CBSE 10वीं में 54 फीसदी अंक, गणित में 41, आज IIT बॉम्बे से कर रहे BTech CSE
कुछ साल पहले सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा में जैनेंद्रजीत के केवल 54 फीसदी अंक आए थे। लेकिन साल 2023 में इसी छात्र ने जेईई मेन में 99.98 पर्सेंटाइल और जेईई एडवांस्ड में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 349 (ओपन कैटेगरी) हासिल की।

IIT Bombay BTech CSE student success story : हर साल सीबीएसई बोर्ड रिजल्ट में कम अंक आने के चलते लाखों छात्र मायूस हो जाते हैं। निराशा में डूबकर उनका आत्मविश्वास खत्म हो जाता है। उन्हें ऐसा लगता है कि करियर बर्बाद हो गया। लेकिन जैनेंद्रजीत की कहानी ऐसे छात्रों की सोच को पूरी तरह बदल देगी। उन्होंने ठोकर खाकर वापसी की शानदार मिसाल पेश की है। आज जैनेंद्रजीत देश के सबसे प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थानों में से एक IIT बॉम्बे में बीटेक कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई कर रहे हैं। आईआईटी बॉम्बे के बीटेक कंप्यूटर साइंस कोर्स की सीट जेईई एडवांस्ड के टॉपरों को मिलती है। लेकिन आपको यह जानकारी हैरानी होगी कि कुछ साल पहले सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा में जैनेंद्रजीत के केवल 54 फीसदी अंक आए थे। गणित में उन्हें 100 में सिर्फ 41 अंक और विज्ञान में 48 अंक मिले थे। उनके कई दोस्त 90 प्रतिशत से अधिक अंक लाए थे। खराब रिजल्ट के चलते उन्हें काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। कुछ पल के लिए तो उन्हें अपनी काबिलियत पर भी शक होने लगा था।

