NEET : 597 की जगह 45 और 522 की बजाय मिले 95 अंक, कोर्ट ने NTA से मांग ली 3 छात्रों की OMR शीट
अथर्व जगताप नाम के NEET छात्र के अनुसार उसकी OMR शीट के हिसाब से उसे 597 अंक मिलने चाहिए थे, लेकिन उसके स्कोरकार्ड में केवल 45 अंक आए हैं। सोहम गवते नामक छात्र के ओएमआर के अनुसार 522 अंक बन रहे थे, लेकिन रिजल्ट में उसे सिर्फ 95 अंक दिए गए हैं।

नीट यूजी 2026 रिजल्ट में कथित गड़बड़ी को लेकर दाखिला की गई याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए बॉम्बे हाईकोर्ट ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) को तीन नीट यूजी 2026 अभ्यर्थियों की ऑरिजनल ओएमआर शीट अदालत में पेश करने का निर्देश दिया है। अदालत ने केंद्र सरकार और एग्जाम आयोजित करने वाली परीक्षा एजेंसी NTA को भी नोटिस जारी कर मामले में जवाब मांगा है। इन उम्मीदवारों ने अपने रिजल्ट को अदालत में चुनौती दी है। मेडिकल प्रवेश परीक्षा के इन छात्रों ने दावा किया है कि उनके OMR रिस्पॉन्स और स्कोरकार्ड में दिखाए गए मार्क्स में बड़ी गड़बड़ी है। ओएमआर से बन रहे मार्क्स और रिजल्ट के मार्क्स मेल नहीं खाते।

